भगवान महावीर की जयंती पर निकला बरघोड़ा
Published on: April 10, 2025
By: [BTI]
Location: Rajnandgaon, India
महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतिम दिन आज शहर में बरघोड़ा निकाला गया और पूरा शहर “त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर की” के नारों से गूंज उठा। सकल जैन समाज द्वारा आज महावीर जयंती के उपलक्ष्य में सुबह 6:00 बजे प्रभात फेरी निकाली गई उसके बाद सुबह 9:00 बजे बरघोड़ा निकला जो शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।

आयोजन समिति के संरक्षक मनोज बैद, संयोजक अजय सिंगी , सहसंयोजक ललित भंसाली, उपाध्यक्ष विजय काँकरिया, सचिव ललित चौरडिया, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बाफना, मंत्री राहुल जैन के साथ ही प्रतीक चोपड़ा तथा रितेश लोढा ने बताया कि महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत छह अप्रैल से विविध धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। 9 अप्रैल को “जीतो” के द्वारा विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक नवकार महामंत्र का जाप जैन बगीचे में हजारों लोगों ने एक साथ किया। इसके अलावा स्कूलों में भी नवकार मंत्र का पाठ हुआ। लोगों ने विश्व शांति की कामना की। सामाजिक संस्था “जीतो” के इस सफल आयोजन के बाद आज महावीर जन्म कल्याण दिवस के अवसर पर सुबह 6:00 बजे जैन मंदिर प्रांगण से प्रभात फेरी निकाली गई जो नगर के विभिन्न मार्गो से होती हुई वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी में भी 1500 की संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके बाद जैन बगीचा में नवकारसी का आयोजन किया गया।

सुबह 9:00 बजे जैन मंदिर प्रांगण से बरघोड़ा निकला। बैंड बाजे के साथ निकला यह बरघोड़ा शहर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ वापस जैन मंदिर पहुंचा। बरघोड़ा का जगह-जगह स्वागत हुआ। बरघोड़ा के नगर भ्रमण के दौरान भावेश बैद, अजय बैद, सजल बैद, विनय बैद, संजय बागरेचा, विकास बाफना, विजय बरडिया ,चंद्रेश जैन, मंत्र बैद के द्वारा भगवान महावीर पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी जाती रही। इसके अलावा जय महावीर का नारा भी गूंजता रहा।

150 लोगों ने किया रक्तदान
आयोजन समिति के संयोजक अजय सिंगी ने बताया कि जैन बगीचा में सुबह 10:30 बजे से ब्लड डोनेशन कैंप कभी आयोजन किया गया जिसमें 150 लोगों ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि तेरापंथ युवा परिषद द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पानी बचाने का अनूठा तरीका, बुरादे से बर्तन साफ किया
जैन समाज ने आज पानी बचाने का अनूठा तरीका निकालते हुए लकड़ी के बुरादे से बर्तन साफ किया। दरअसल बरघोड़ा के बाद आज पूर्वन 11:00 बजे जैन बगीचे में साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया गया था जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद प्राप्त किया। जीव दया का संदेश देते हुए जैन भाइयों एवं बहनों ने अपनी थाली लकड़ी के बुरादे से साफ किया जिससे कि हजारों लीटर पानी व्यर्थ होने से बच गया। जैन समाज ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों से इसी तरह पानी बचाने का आह्वान किया। इसके बाद शाम 7:30 बजे से जैन बगीचे में सकल जैन श्री संघ के लोगों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जो देर रात तक चलता रहा।